झारखंड कौशल विकास कार्यक्रम 27 को, वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये मुख्यमंत्री करेंगे प्रशिक्षण केंद्रों का उदघाटन

रांची (झारखंड) : झारखंड कौशल विकास कार्यक्रम का उदघाटन औपचारिक रूप से 27 दिसंबर को किया जायेगा। रांची के एचइसी परिसर स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में उदघाटन होगा। मुख्यमंत्री रघुबर दास उदघाटन करेंगे। उसी दिन हर जिलों से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये प्रशिक्षण केंद्रों को भी चालू किया जायेगा।

राज्य में कौशल विकास पर सरकार पांच साल में चार हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके तहत 20 लाख युवकों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जायेगा। एक युवक पर लगभग 20 हजार रुपये खर्च होंगे। राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव अजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यशाला में सिंह मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। कौशल विकास के प्रशिक्षकों के लिए प्रोजेक्ट भवन के प्रेक्षागृह में 21 दिसंबर को कार्यशाला का आयोजन किया गया था।

उच्च शिक्षा सचिव ने कहा कि फरवरी माह में ग्लोबल इंवेस्टर मीट का आयोजन किया गया है। इससे राज्य में उद्योग लगेंगे। लेकिन जब दक्ष युवका ही नहीं रहेंगे तो उद्योगों में काम कौन करेगा। इसलिए ग्लोबल इंवेस्टर मीट एवं स्कील डेवलपमेंट मिशन को एक दूसरे का पूरक समझना चाहिए। अब तक 92 कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र राज्य में खुल चुके हैं। प्रशिक्षण के लिए आधार का लिंक जरूरी कर दिया गया है। कक्षा 9 से ही कौशल विकास की ट्रेनिंग दी जायेगी। राज्य में स्नातक स्तर के 442 कालेज हैं। इससे हर साल लगभग पांच लाख विद्यार्थी पास होते हैं लेकिन 50 हजार को ही नौकरी मिल पाती है। राज्य के विकास के लिए रोजगार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पांच साल तक हर साल 800 करोड़ रुपये खर्च होंगे। राशि की कमी नहीं होगी। मिशन के निदेशक रवि रंजन ने कार्यशाला के बारे में जानकारी दी।

मंत्री और विकास आयुक्त नहीं आये

रांची। झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यशाला की मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री नीरा यादव थी। उनके इंतजार में एक घंटा तक कार्यक्रम शुरू नहीं किया गया। लेकिन अंत तक वह नहीं आयीं। विशिष्ट अतिथि विकास आयुक्त अमित खरे थे । वह भी नहीं आये।

Note: News shared for public awareness with reference from the information provided at online news portals.